डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित का औचक निरीक्षण, इंटर कॉलेज सलेमपुर महदूद का किया औचक निरीक्षण, छात्र छात्राओं के संग बैठकर किया मध्याह्न भोजन

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर महदूद का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों का भ्रमण कर शिक्षकों से पठन-पाठन की जानकारी ली और छात्रों से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न भी पूछे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी मेहनत और निष्ठा से पढ़ाई कराई जाए।

डीएम ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन किया और इसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने प्रधानाचार्य और भोजन माताओं को निर्देश दिए कि भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही उपलब्ध कराया जाए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में कई खामियों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी कक्षा-कक्षों पर पट्टियाँ लगाई जाएं, आवश्यक फर्नीचर व मरम्मत कार्य के प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएं। साथ ही छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए चारदीवारी निर्माण हेतु दो लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने विद्यालय के शौचालयों की साफ-सफाई और मरम्मत के निर्देश दिए तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि विद्यालय में कुल 911 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें 398 छात्र और 513 छात्राएं शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, प्रधान प्रतिनिधि पप्पू सिंह पाटिल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies