हर की पैड़ी पर गंगा दशहरा स्नान के दौरान खोए दो बच्चे, पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
रुड़की सीओ ओशिन जोशी के नेतृत्व में पुलिस का सराहनीय कार्य

हरिद्वार। हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगा दशहरा स्नान पर्व पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच दो मासूम बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। बच्चों के खोने से परिवारों में हड़कंप मच गया और परिजन काफी देर तक भीड़ में उनकी तलाश करते रहे।

जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली के विनोद नगर निवासी संजीव झा अपने परिवार के साथ हर की पैड़ी स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनका 6 वर्षीय बेटा आशु भीड़ में लापता हो गया। बताया गया कि बच्चा ऑटिज्म जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। वहीं गजरौला उत्तर प्रदेश से आई एक अन्य परिवार की 7 वर्षीय पुत्री निधि भी स्नान के दौरान भीड़ में खो गई।

काफी तलाश के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर दोनों परिवार चौकी हर की पैड़ी पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद सीओ ओसिन जोशी के निर्देशन में ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में सघन जांच और तलाश अभियान शुरू किया।

पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजन भावुक हो गए और पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies