पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने राज्यपाल Lt Gen गुरमीत सिंह से की शिष्टाचार मुलाकात।
आगामी “स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025” के लिए किया आमंत्रित। लेखक गाँव की एक वर्ष की यात्रा से कराया अवगत।

देहरादून: पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने आज राजभवन, देहरादून में राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh जी (से. नि.) से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. निशंक ने उन्हें आगामी “स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025” में आमंत्रित किया और लेखक गाँव की एक वर्ष की सृजनात्मक यात्रा के बारे में जानकारी दी।

गत वर्ष, 25 अक्टूबर 2024, को भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और राज्यपाल महोदय के कर-कमलों से लेखक गाँव का शुभारंभ हुआ था। उस समय यह एक सांस्कृतिक स्वप्नन था, जो आज साकार होकर सृजन और संस्कृति का केंद्र बन चुका है।

राज्यपाल महोदय ने लेखक गाँव की सराहना करते हुए कहा कि यह गाँव उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और न केवल देवभूमि उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025, लेखक गाँव की इसी सृजनात्मक यात्रा की अगली कड़ी है। इस महोत्सव में साहित्य, संगीत, कला और भारतीयता की सुगंध हिमालय की वादियों में गूँजेगी और भारत की आत्मा को नए स्वर में अभिव्यक्त करेगी।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies