पूर्व मुख्यमंत्री डॉ निशंक पहुंचे राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को दिया गया “स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025” का आमंत्रण
दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विषयों पर राष्ट्रपति से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
वही डॉ. निशंक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भारत के प्रथम लेखक गाँव, देहरादून में 03 से 05 नवम्बर, 2025 तक आयोजित होने वाले ‘स्पर्श हिमालय महोत्सव–2025’ में सादर आमंत्रित किया।
इस दौरान डॉ. निशंक ने बताया कि माननीय राष्ट्रपति जी ने स्पर्श हिमालय महोत्सव के प्रति गहरी उत्सुकता और आत्मीय रुचि व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस भव्य आयोजन में शामिल होने वाले साहित्य, संस्कृति और कला जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति जी का आशीर्वाद और स्नेह अवश्य प्राप्त होगा।
‘स्पर्श हिमालय महोत्सव–2025’ भारतीय साहित्य, संस्कृति और कला की समृद्ध परंपरा का भव्य वैश्विक उत्सव है, जिसमें भारत के साथ-साथ 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक चेतना, सृजनशीलता और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को विश्व पटल पर साकार रूप प्रदान करेगा।