गांधी विचारधारा से ही बनेगा भारत विश्वगुरु: राजेंद्र चौधरी
रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि, अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

रुड़की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वाधान में गांधी वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर गांधी जी को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि देश की विचारधारा हैं। उन्होंने अहिंसा के बल पर विश्व की सबसे बड़ी ताकत अंग्रेजी हुकूमत को झुकने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में नफरत, युद्ध और भय का माहौल है, ऐसे समय में गांधी की सोच ही भारत को विश्वगुरु बना सकती है। उनके मुताबिक भारत की वैश्विक पहचान गांधी के देश के रूप में है और विश्व शांति का संदेश ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

मनफेत अली ने कहा कि देश को मजबूत और विकसित बनाने के लिए गांधी जी के बताए रास्ते पर चलना जरूरी है। सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भूषण त्यागी ने गांधी जी को स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को आजादी दिलाने में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

जिला महामंत्री वैभव सैनी ने कहा कि भले ही गांधी जी की हत्या कर दी गई, लेकिन उनके विचार सदैव अमर रहेंगे। पीसीसी सदस्य अरविन्द प्रधान ने उन्हें देश का सच्चा सपूत बताया। रिजवान अहमद ने गांधी मार्ग पर चलने का आह्वान किया, जबकि ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी ने कहा कि कांग्रेस की मूल विचारधारा ही गांधीवादी सोच पर आधारित है। इस मौके पर डॉ. मीर अहमद, सुभाष चंद्र शर्मा, हिमांशु चौधरी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी, विकास सैनी, रवि समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies