झबरेड़ा थाने का वार्षिक निरीक्षण, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने परखी व्यवस्थाएं
स्वच्छता पर जताया संतोष, कर्मचारियों को मिला नवनिर्मित आदर्श भोजनालय

झबरेड़ा (रुड़की ): थाना झबरेड़ा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान सेरिमोनियल गार्द ने उन्हें आकर्षक सलामी दी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, कर्मचारी बैरक और भोजनालय का जायजा लेते हुए स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने थाना प्रभारी अजय शाह को निर्देश दिए कि गर्मियों से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जाए, नियमित रूप से कीटनाशक छिड़काव हो और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

कार्यालय स्टाफ के साथ समीक्षा बैठक में एसएसपी ने दस्तावेजों, रजिस्टरों और सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं और निस्तारित शिकायतों को समय से संबंधित कार्यालयों को भेजा जाए।

अस्लाह निरीक्षण के दौरान जवानों की कार्यकुशलता परखी गई और हेड मोहर्रिर को हथियारों की नियमित सफाई और प्रशिक्षण जारी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं मालखाना निरीक्षण में माल मुकदमाती को व्यवस्थित रखने, पुराने मामलों के निस्तारण और लावारिस वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने नवनिर्मित आदर्श भोजनालय का उद्घाटन कर उसे थाना कर्मचारियों को समर्पित किया। इसके साथ ही आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने जवानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।

एसएसपी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का गुण-दोष के आधार पर निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए तथा थाना प्रभारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies