रुड़की में यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों का भव्य स्वागत, युवाओं को बताया पार्टी का भविष्य

रुड़की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर रविवार को यूथ कांग्रेस के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं को पार्टी की ताकत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के कैंप कार्यालय में आयोजित इस समारोह में यूथ कांग्रेस रुड़की महानगर अध्यक्ष ओवेश अंसारी समेत जिला और नगर स्तर के कई नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। साथ ही उनकी पूरी कार्यकारिणी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि किसी भी देश और संगठन का भविष्य युवा होते हैं। जब युवा पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करते हैं, तो पार्टी की छवि और मजबूती दोनों बढ़ती हैं। उन्होंने युवाओं से कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नेता सचिन गुप्ता ने कहा कि यूथ कांग्रेस चुनाव में जीत हासिल करने वाले युवा कर्मठ और संघर्षशील हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपनी जीत दर्ज की है। वहीं क़ाज़ी सादात मसूद ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है,” और पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया।

नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने भी पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में पार्टी को सफलता दिलाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर वैभव सैनी ने किया। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री राव शेर मोहम्मद, पूर्व मेयर गौरव गोयल, कलीम खान, सुभाष सैनी, हरविंदर सिंह, संजय गुड्डू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies