रुड़की: अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, दो निर्माण सील

रुड़की। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो स्थानों पर निर्माण कार्यों को सील कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

जानकारी के अनुसार शिकारपुर रोड, लण्ढौरा, तहसील रुड़की में मोहब्बत द्वारा भूतल पर लगभग 15×150 फीट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं कब्रिस्तान के पास पीरपुरा रोड व पठानपुरा रोड क्षेत्र में मुस्तकीम ठेकेदार द्वारा लगभग 40×80 फीट क्षेत्र में टिन शेड डालकर हॉल का निर्माण किया जा रहा था।

प्राधिकरण के अनुसार दोनों ही निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे थे, जो कि नियमों के विरुद्ध है। संबंधित मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद भी योजित किए गए हैं।

बताया गया कि प्राधिकरण द्वारा कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए, लेकिन निर्माणकर्ताओं ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके चलते टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त हिदायत दी कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए, अन्यथा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies