CII प्रतिनिधिमंडल की मुख्य सचिव से मुलाक़ात, औद्योगिक विकास को रफ्तार देने पर ज़ोर

देहरादून/ रुड़की। उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से CII (भारतीय उद्योग परिसंघ) उत्तराखंड के चेयरमैन संजय अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नए राज्य नेतृत्व का परिचय देते हुए प्रदेश में चल रही औद्योगिक गतिविधियों और विभिन्न पहलों की जानकारी साझा की। साथ ही राज्य में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

CII ने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। प्रतिनिधिमंडल ने सितारगंज (ऊधम सिंह नगर) और सेलाकुई (देहरादून) के औद्योगिक क्षेत्रों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन के विस्तार में तेजी लाने की मांग की। इसके अलावा औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सोलर नेट मीटरिंग की सीमा बढ़ाकर 5 मेगावाट करने और पर्यटन व हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को रियायती बिजली दरें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया गया।

बैठक में CII की ओर से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ‘पॉलिसी एडवोकेसी’ के लिए एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित करने का सुझाव रखा गया। इस टास्क फोर्स में उद्योग जगत और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो नई नीतियों पर नियमित संवाद स्थापित कर उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करेंगे। इस अवसर पर CII उत्तराखंड के पूर्व चेयरमैन मनु कोचर और निदेशक एवं प्रमुख गौरव लांबा भी मौजूद रहे।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies