हरिद्वार में चारधाम यात्रियों के लिए शानदार व्यवस्थाएं, ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र की हो रही तारीफ
देश-विदेश से आए तीर्थ यात्रियों ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार

रुड़की/हरिद्वार। हरिद्वार से बड़ी खबर है, जहां चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थ यात्रियों के लिए बनाए गए ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना हो रही है।

चारधाम यात्रा के लिए देश-विदेश से हरिद्वार पहुंच रहे तीर्थ यात्री ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर दी जा रही सुविधाओं से काफी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की है।
कानपुर से आई शिवानी ने बताया कि महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया बेहद आसान और व्यवस्थित हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद भी किया।

नेपाल से आए समूह की प्रतिनिधि स्मृति कूटू ने कहा कि पंजीकरण केंद्र पर किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। वहीं, काठमांडू से आए यात्री युवाशिष्ट ने केंद्र पर तैनात कर्मचारियों के व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा है।

केरल से पहुंचे तीर्थयात्री दिलीप ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies