IFFCO बोर्ड में उत्तराखंड की बड़ी एंट्री, प्रदीप चौधरी बने निदेशक। बोर्ड में जगह मिलने पर भावुक हुए प्रदीप चौधरी, बोले- “ये सुखद आश्चर्य है”

IFFCO बोर्ड में शामिल हुए उत्तराखंड के प्रदीप चौधरी, सहकारिता क्षेत्र में बढ़ा प्रदेश का मान
देहरादून/नई दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां उत्तराखंड के सहकारिता क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ सहकारी नेता प्रदीप चौधरी को इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइज़र कोऑपरेटिव लिमिटेड यानी IFFCO के बोर्ड में निदेशक के तौर पर शामिल किया गया है। IFFCO को दुनिया की सबसे बड़ी सहकारी संस्था माना जाता है। इस खबर की पुष्टि करते हुए IFFCO के चेयरमैन दिलीप संघानी ने बताया कि प्रदीप चौधरी को बोर्ड में शामिल किए जाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। यह फैसला शुक्रवार को लिया गया।

वहीं इस मौके पर भावुक नजर आए प्रदीप चौधरी ने कहा कि उन्हें इस फैसले की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्हें दिल्ली बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनके लिए इतनी बड़ी जिम्मेदारी तय की जा रही है।

प्रदीप चौधरी नेशनल कोऑपरेटिव यूनियन ऑफ इंडिया की गवर्निंग काउंसिल के निवर्तमान निदेशक रह चुके हैं। इसके साथ ही वह हरिद्वार जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उत्तराखंड में सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने में उनके योगदान को खास तौर पर सराहा जाता रहा है।

माना जा रहा है कि IFFCO बोर्ड में उनके शामिल होने से राष्ट्रीय सहकारी आंदोलन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा। नई दिल्ली मुख्यालय वाली IFFCO संस्था देशभर की हजारों सहकारी समितियों और लाखों किसान सदस्यों से जुड़ी हुई है और देश की सबसे प्रभावशाली सहकारी संस्थाओं में गिनी जाती है।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies