मंगलौर के लिब्बरहेड़ी उपद्रव कांड में पुलिस का एक्शन जारी, एक और आरोपी गिरफ्तार, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर हरिद्वार पुलिस की सख्ती

विनीत त्यागी ( श्री संगम न्यूज)
मंगलौर: हरिद्वार पुलिस कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिब्बरहेड़ी में हुए उपद्रव और हिंसक झगड़े के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।

8 जून 2026 को ग्राम लिब्बरहेड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला पथराव, मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कई लोग घायल हुए थे और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रव में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

इस मामले में नईम पुत्र शमीम अहमद की तहरीर पर पुलिस ने घर में घुसकर हमला करने, बलवा, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले मुख्य आरोपी शमशाद को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी दानिश उर्फ मोहम्मद दानिश खान निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies