
रुड़की/ हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ा खुलासा करते हुए पथरी क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पथरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पथरी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। 21 जून को दर्ज हुए दोनों मुकदमों के बाद एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में जांच पड़ताल की और डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घुण्टी चौक जाने वाले मार्ग से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम धनपुरा निवासी सुधांशु पुत्र पवन और मनीत पुत्र श्याम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है और आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आउट्रो फिलहाल पथरी पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies