हरिद्वार में भारी बारिश पर जिला प्रशासन हाई अलर्ट! डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जलभराव, सड़क बाधित होने या किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।

लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति या सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान की सूचना मिलती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू करें तथा इसकी जानकारी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को तत्काल दें।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर स्थापित आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने और हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी क्षेत्र से आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और राहत टीमों को तुरंत प्रभावित स्थल पर भेजा जाए।

डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जनपद की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से नियमित फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।

उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित व जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies