रुड़की में कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने की बैठक। सभी विभागों को मिला टाइमलाइन का टारगेट। समय से पूरी हों सभी तैयारियां

रुड़की: कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर रुड़की प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। इसी कड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सफल संचालन को लेकर आयोजित बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, नगर निगम, जल संस्थान, जल निगम, यूपीसीएल, एनएचएआई, रेलवे और अन्य विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में कांवड़ पटरी की मरम्मत, मार्ग को सुगम बनाने, निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। अब देखना होगा कि तय समय में सभी व्यवस्थाएं कितनी प्रभावी ढंग से धरातल पर उतरती हैं।तैयारियां
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies