कुंवर बसित अली के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुटे राव काले खां
अल्पसंख्यक क्षेत्रों में भाजपा की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

रुड़की। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बसित अली और प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन के 11 नवंबर को उत्तराखंड दौरे को लेकर रुड़की क्षेत्र में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव में होने वाली भाजपा की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राव काले खां ने पूरी ताकत झोंक दी है।

कुंवर बसित अली और अरविंद मेनन का पहला स्वागत समारोह बढ़ेड़ी राजपूतान में राव काले खां और रुड़की ब्लॉक प्रमुख राव लुबना की अगुवाई में होगा। खास बात यह है कि राव काले खां लंबे समय से भाजपा की राजनीति से जुड़े हुए हैं और अपनी भतीजी राव लुबना को भी भाजपा के टिकट पर रुड़की ब्लॉक प्रमुख बनवा चुके हैं।

भाजपा की इस जनसभा को अल्पसंख्यक समाज के बीच पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्र में जनसभा को लेकर राव काले खां और उनकी टीम लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है और लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील कर रही है।

राव काले खां का कहना है कि जनसभा को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सुनने पहुंचेंगे। उनका प्रयास है कि कुंवर बसित अली का स्वागत यादगार बने और बढ़ेड़ी राजपूतान की यह जनसभा अल्पसंख्यक क्षेत्रों में एक नया राजनीतिक संदेश देने वाली साबित हो।

इस दौरान प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अनीस गौड़ भी मौजूद रहे और जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया।
© Shri Sangam Uttrakhand. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies